शहडोल जिले की नवनियुक्त कलेक्टर महोदया का इस पावन धरा पर हार्दिक स्वागत।
शहडोल : जिसे ऐतिहासिक रूप से विराटनगर के नाम से भी जाना जाता है, अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और आत्मीयता के लिए प्रसिद्ध है। यहां जो भी आता है, वह इस मिट्टी के अपनत्व का हिस्सा बन जाता है।
महोदया, आशा है कि आपने शहडोल के बहुचर्चित सीवर लाइन प्रोजेक्ट के बारे में अवश्य सुना होगा। यदि नहीं, तो शहर की सड़कों का एक छोटा-सा निरीक्षण ही इस परियोजना की वास्तविक तस्वीर आपके सामने प्रस्तुत कर देगा। जिन सड़कों पर कभी लोग सहजता से सफर किया करते थे, आज वे जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इन्हें देखकर सहज ही अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि विकास कार्य किस गति और किस गुणवत्ता के साथ आगे बढ़े हैं।
स्थिति यह है कि नगरवासी अब टूटी-फूटी और गड्ढों से भरी सड़कों पर चलने को अपनी नियति मान चुके हैं। शिकायतें होती हैं, आवेदन दिए जाते हैं, लेकिन हालात में अपेक्षित परिवर्तन दिखाई नहीं देता।
कई नागरिकों के मन में यह सवाल भी उठता है कि क्या सीवर लाइन परियोजना के अंतर्गत केवल सड़कें खोदने का ही दायित्व था, या फिर उन्हें पूर्ववत सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्थिति में बहाल करने की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसी की थी?
बहरहाल, यह शहडोल की वर्तमान व्यवस्था की एक झलक है। अब जिले की जनता की निगाहें आप पर हैं। विश्वास है कि आपके नेतृत्व में विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गति देखने को मिलेगी तथा वर्षों से चली आ रही इन समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।
इन्हीं उम्मीदों और शुभकामनाओं के साथ आपका शहडोल जिले में हार्दिक स्वागत।


0 Comments